सुभाष घई ने पीएम मोदी की शख्सियत की तारीफ की, बोले- शब्दों से ज्यादा आंखों से बात करते हैं
मुंबई, 28 जनवरी।
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व की जमकर सराहना की है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पीएम मोदी से हुई मुलाकात को लेकर घई ने कहा कि प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व बेहद खास और प्रभावशाली है।
सुभाष घई ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि पीएम मोदी जब किसी से मिलते हैं तो शब्दों से ज्यादा अपनी आंखों से संवाद करते हैं। उन्होंने बताया कि होम रिसेप्शन के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें नाम लेकर मुस्कुराते हुए अभिवादन किया, जो उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
पीएम मोदी के व्यक्तित्व को बताया जादुई
घई ने प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व को जादू और आकर्षण से भरा हुआ बताते हुए कहा कि उनमें किसी जादूगर जैसी खासियत है। उन्होंने पोस्ट में ईश्वर से प्रधानमंत्री के दीर्घ, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना भी की।
सिनेमा में सुभाष घई का योगदान
हिंदी सिनेमा में सुभाष घई का योगदान अतुलनीय माना जाता है। उन्होंने न सिर्फ कई यादगार फिल्में दीं, बल्कि अनेक कलाकारों को लॉन्च भी किया। इसके अलावा, अपने फिल्म संस्थान ‘व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल’ के माध्यम से उन्होंने नई प्रतिभाओं को निखारने का कार्य किया है।
हाल ही में आईएएनएस से बातचीत में सुभाष घई ने कहा था कि यह स्कूल उन छात्रों के लिए बनाया गया है जो मुंबई आकर भटक जाते हैं और इंडस्ट्री में सही दिशा नहीं पा पाते।
— कोबरा पोस्ट न्यूज़ (Kobrapost News)
