राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट में शामिल सैन्यकर्मियों से की मुलाकात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट में शामिल सैन्यकर्मियों से की मुलाकात
नई दिल्ली, 30 जनवरी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस परेड तथा बीटिंग रिट्रीट समारोह 2026 में भाग लेने वाले तीनों सेनाओं के बैंड टुकड़ियों और तीनों सेनाओं के प्रोवोस्ट आउट्राइडर्स के कर्मियों से मुलाकात की।
शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने सेना, नौसेना और वायु सेना के बैंड तथा आउट्राइडर्स के अधिकारियों और जवानों के साथ ग्रुप फोटोग्राफ भी खिंचवाई। गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट समारोहों में इन टुकड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उल्लेखनीय है कि त्रि-सेवा बैंड और प्रोवोस्ट आउट्राइडर्स गणतंत्र दिवस तथा उसके समापन अवसर पर आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह की औपचारिक और पारंपरिक गरिमा को बनाए रखने में अहम योगदान देते हैं। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित इन समारोहों में सशस्त्र बलों की अनुशासनबद्ध प्रस्तुतियां और परंपरागत सैन्य परिधान विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
गौरतलब है कि इस वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में देश की मजबूत होती स्वदेशी सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और जन भागीदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला। कर्तव्य पथ पर तीनों सेनाओं और पुलिस बलों द्वारा भव्य परेड आयोजित की गई थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस समारोह का नेतृत्व किया, जबकि यूरोपीय यूनियन के दो शीर्ष नेता एंटोनियो कोस्टा और उर्सुला वॉन डर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष, देश की प्रगति, स्वदेशी सैन्य उपकरण, सेना की शक्ति, भारत की सांस्कृतिक विरासत और आम जनता की भागीदारी एक साथ देखने को मिली। इसके बाद गुरुवार शाम आयोजित बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के साथ 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक समापन हुआ।
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के दौरान राष्ट्रपति भवन के सामने पूरा विजय चौक देशभक्ति और भारतीय धुनों से गूंज उठा। सैन्य बैंडों ने ऑपरेशन सिंदूर की शक्ति को दर्शाती प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही मार्चिंग के माध्यम से ड्यूटी पर तैनात भारतीय सेना के जवानों की भूमिका को भी प्रदर्शित किया गया।
विजय चौक पर आयोजित इस भव्य समारोह में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, भारतीय वायुसेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंडों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों से पूरे वातावरण को भावनात्मक और गौरवपूर्ण बना दिया।
— World No1 News
