Mumbai: Actor Sanjay Dutt poses for photos as he arrives at the airport in Mumbai on Saturday, January 04, 2025. (Photo: IANS)
अभिनेता संजय दत्त ने ‘सन ऑफ सरदार 2′ फिल्म के लिए अजय देवगन को बधाई दी और पोस्ट शेयर करते हुए दिल की बात लिखी। साथ ही फिल्म का ट्रेलर भी शेयर किया। संजय दत्त ने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ”’सन ऑफ सरदार 2’ के लिए आपको बधाई राजू, अगर इसे हम एक साथ करते तो और भी मजा आता।” ‘सन ऑफ सरदार’ में संजय दत्त और अजय देवगन दोस्त और दुश्मन के रूप में नजर आए थे। यह फिल्म साल 2012 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। संजय दत्त ने इसमें बलविंदर सिंह संधू यानी बिल्लू का किरदार निभाया था। वहीं, अजय देवगन ने जसविंदर सिंह रंधावा यानी जस्सी का रोल प्ले किया था। कहानी में दोनों के बीच पुरानी पारिवारिक दुश्मनी थी। अब इसके सीक्वल में भी अजय देवगन अपनी उसी भूमिका को दोहराते नजर आएंगे, लेकिन संजय दत्त को इस बार अभिनेता रवि किशन ने रिप्लेस किया है। हाल ही में मेकर्स ने ‘सन ऑफ सरदार 2’ का दूसरा ट्रेलर जारी किया है, जिसकी शुरुआत जस्सी की शादी से होती है, जो डिंपल यानी नीरू बाजवा से शादी करता है। इसके बाद जस्सी अपनी जिंदगी की चार बड़ी परेशानियों के बारे में बताता है। पहली परेशानी में डिंपल उससे तलाक मांगती है। दूसरी परेशानी बताते हुए जस्सी कहता है कि वह चार महिलाओं के बीच फंसा हुआ है, जिनमें राबिया (मृणाल ठाकुर) है, जिससे वह प्यार कर बैठता है, लेकिन समस्या ये है कि राबिया पाकिस्तान से है। जस्सी की तीसरी परेशानी है एक माफिया परिवार, जिसके बीच वह फंस गया है। चौथी और आखिरी परेशानी यह है कि उसकी अपनी ‘बेबे’। उससे किए वादे के चलते वह अक्सर मुसीबत में फंस जाता है। ‘सन ऑफ सरदार 2’ विजय कुमार अरोड़ा के निर्देशन में बनी है। इस फिल्म में अजय देवगन, रवि किशन, संजय मिश्रा, मृणाल ठाकुर, नीरू बाजवा, चंकी पांडे, कुब्रा सैत, दीपक डोबरियाल, विंदू दारा सिंह, शरद सक्सेना, अश्वनी खलसेकर, साहिल मेहता और दिवंगत मुकुल देव हैं। फिल्म एक अगस्त को रिलीज होगी।
