New Delhi: Union Minister Rajeev Chandrasekhar addresses a press conference at BJP HQ in New Delhi on Wednesday, May 08, 2024.(IANS/Qamar Sibtain)
कांग्रेस नेता उदित राज ने राहुल गांधी को ओबीसी समुदाय के लिए दूसरा अंबेडकर बताया है, जिस पर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने चुटकी लेते हुए कहा कि पहले राहुल गांधी देश के अच्छे नागरिक बनें, लोगों की सेवा करें, उनके हितों के बारे में सोचें, इसके बाद देश की जनता खुद तय कर लेगी कि उन्हें क्या बनाना है। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अब यह इंदिरा गांधी का भारत नहीं है, जहां ये लोग हर चीज अपने अनुरूप ढालने की कोशिश करते थे। कल तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने भी इंदिरा गांधी के संदर्भ में कहा था कि वो देवी थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। एक लोकतांत्रिक देश में जनता तय करती है कि मैं कैसा नेता हूं या कोई दूसरा कैसा नेता है। किसी तीसरे व्यक्ति को इस पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अपने किसी नेता की ओर से कुछ बुलवा लेना कि मैं ये हूं, तो मैं वो हूं। ऐसा नहीं होता है। शायद ये लोग भूल रहे हैं कि एक लोकतांत्रिक देश में ऐसा संभव नहीं है। एक लोकतांत्रिक देश में जनता तय करती है कि किस नेता को क्या उपाधि देनी है। केंद्रीय मंत्री ने वैश्विक मंच पर बढ़ती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता पर भी टिप्पणी की और कहा कि निसंदेह इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि आज की तारीख में वैश्विक मंच पर पीएम मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है। हर कोई उन्हें सुनने के लिए आतुर है। जब वे कहते हैं कि यह समय युद्ध का नहीं है, तो सभी लोग उनकी बातों को गंभीरता से लेते हैं और उनकी बातों को सुनते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं। वे आज लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं जिन्हें आज हर कोई सुनना चाहता है। विदेश में भी प्रधानमंत्री को लोग सुनना चाहते हैं। इसके अलावा, उन्होंने ‘कारगिल विजय दिवस’ पर कहा कि आज का दिन हमारे लिए बहुत अहम है, क्योंकि आज से 26 साल पहले आज ही के दिन भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सैनिकों को धूल चटाते हुए जीत हासिल की थी। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के नापाक इरादों को नाकाम कर जीत का परचम लहराया था। उन्होंने कहा कि आज के दिन में हर साल मैं नेशनल वॉर मेमोरियल पर आकर वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, उन्हें सम्मान देता हूं। हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि हमारे देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों ने अपने प्राणों न्योछावर किए। बता दें कि कांग्रेस नेता उदित राज ने राहुल गांधी की तुलना बाबासाहेब अंबेडकर से की थी। उन्होंने कहा था कि अगर ओबीसी समुदाय राहुल के विचारों का समर्थन करे, तो वे उनके लिए “दूसरे अंबेडकर” साबित होंगे। उनका यह बयान दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ‘भागीदारी न्याय सम्मेलन’ के बाद आया, जहां राहुल ने जातिगत जनगणना को समाज का “एक्स-रे” बताया और इसे पूरे देश में लागू करने की प्रतिबद्धता भी जताई थी।
