Srinagar: A view of the city as rain continues to fall, with people making their way through the wet streets, in Srinagar on Thursday, June 26, 2025. (Photo: IANS)
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में पिछले 12 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है। यह निर्णय छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सुबह 9:30 बजे जारी एक आधिकारिक निर्देश में रियासी के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा, “खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल 22 जुलाई को बंद रहेंगे।” राजौरी जिले में भी हालात ऐसे ही हैं। भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया है। धरहाली और साकतोह नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। राजौरी के जिला मजिस्ट्रेट ने घोषणा की कि “खराब मौसम के कारण राजौरी जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल मंगलवार को बंद रहेंगे।” प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है, क्योंकि लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सांबा जिले में भी भारी बारिश के कारण प्रशासन ने सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। सांबा के उपायुक्त ने लोगों से भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि लोगों को उन क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए जहां भूस्खलन की आशंका ज्यादा है। यात्रा करने से बचना चाहिए और बहते हुए नालों, नदियों या जलमार्गों को पार करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। स्कूलों से कहा गया है कि यदि कोई स्कूल भवन असुरक्षित पाया जाता है, तो कक्षाएं स्थगित कर दी जाएं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। भारी बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में सड़कें ब्लॉक हो गई हैं और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ गई है।
