मुंबई के खिलाफ रणजी मैच नहीं खेलेंगे आयुष बडोनी और प्रियांश आर्य, ये है वजह
नई दिल्ली, 28 जनवरी।
दिल्ली के युवा क्रिकेटर आयुष बडोनी और प्रियांश आर्य गुरुवार से मुंबई के खिलाफ खेले जाने वाले रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-डी मुकाबले में हिस्सा नहीं लेंगे। यह मैच मुंबई के बीकेसी ग्राउंड पर आयोजित होगा।
दरअसल, दोनों खिलाड़ियों को मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के तहत खेले जाने वाले दो वार्म-अप मुकाबलों के लिए इंडिया ए टीम में चुना गया है। इसी कारण वे दिल्ली की रणजी टीम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
इंडिया ए के साथ वर्ल्ड कप तैयारी
इंडिया ए टीम 2 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में यूएसए के खिलाफ और 6 फरवरी को बेंगलुरु में नामीबिया के खिलाफ वार्म-अप मैच खेलेगी। इसके बाद 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा।
दिल्ली की कप्तानी आयुष दोसेजा के हाथ
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के सचिव अशोक शर्मा ने बताया कि मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में आयुष दोसेजा दिल्ली टीम की कप्तानी करेंगे। दोसेजा मौजूदा रणजी सीजन में दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
दिल्ली की टीम (मुंबई के खिलाफ)
आयुष दोसेजा (कप्तान), सनत सांगवान, वैभव कांडपाल, सुमित माथुर, प्रणव राजवंश, सिद्धांत शर्मा, ध्रुव कौशिक, राहुल डागर, अनुज रावत, दिविज मेहरा, आर्यन राणा, मनी ग्रेवाल, रोहन राणा और राहुल चौधरी।
— कोबरा पोस्ट न्यूज़ (Kobrapost News)
