25 करोड़ की आबादी को परिवार मानकर आगे बढ़ाया विकास अभियान: सीएम योगी
सिद्धार्थनगर, 28 जनवरी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पांच दिवसीय सिद्धार्थनगर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने 1,052 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 25 करोड़ की आबादी को अपना परिवार मानकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में बीमार मानसिकता के कारण यह क्षेत्र पिछड़ गया था, लेकिन सरकार ने दृढ़ संकल्प के साथ हालात बदल दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा,
| “हम उपद्रव से उत्सव प्रदेश की ओर बढ़ चुके हैं। विकास किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए होना चाहिए।”
इस दौरान बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना की सराहना करते हुए सीएम ने कहा कि ऐसे संस्कार बच्चों को विकसित भारत का वाहक बनाएंगे।
बिना भेदभाव सभी को योजनाओं का लाभ
सीएम योगी ने कहा कि सरकार बिना जाति, मत-मजहब और क्षेत्र के भेदभाव के योजनाओं का लाभ दे रही है। राशन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाएं गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि
| “सरकार बांटकर विकास नहीं कर सकती, समग्र और सतत विकास ही रामराज्य की अवधारणा है।”
सिद्धार्थनगर में बदला विकास का परिदृश्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, महिला छात्रावास और एक हजार सीटों वाले ऑडिटोरियम का निर्माण कराया गया है। साथ ही इंटरस्टेट और इंटरनेशनल कनेक्टिविटी को फोरलेन में बदला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर सरकार ने प्रभावी नियंत्रण पाया है और अब कोई बच्चा इस बीमारी से जान नहीं गंवा रहा।
पर्यटन और कनेक्टिविटी पर जोर
सीएम योगी ने बताया कि कपिलवस्तु में विपश्यना केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है और गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर जिले के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
