New Delhi: A man carries an umbrella during rainfall in New Delhi on Thursday, July 31, 2025. (Photo: IANS/Qamar Sibtain)
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए अगस्त की शुरुआत राहत भरी खबर लेकर आई है। लगातार हो रही बारिश के चलते जहां एक ओर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है। मौसम विभाग और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार, आगामी सप्ताह भर तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम खुशगवार बना रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वेबसाइट के अनुसार, 2 अगस्त से लेकर 4 अगस्त तक पूरे एनसीआर में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 2 अगस्त को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री, वहीं 3 और 4 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24-25 डिग्री तक रहने का अनुमान है। नमी का स्तर भी 80 प्रतिशत से अधिक बना रहेगा, जिससे उमस तो बनी रहेगी, परंतु गर्मी से राहत मिलेगी। गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगे प्रदूषण मॉनिटरिंग स्टेशनों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में स्पष्ट सुधार देखा गया है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम का एक्यूआई 40, संजय नगर 58, और वसुंधरा 79 पर रहा, जो कि ‘अच्छी’ से लेकर ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 85 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक माना गया। दिल्ली की बात करें तो अलीपुर (33), अशोक विहार (71), चांदनी चौक (69), और लोधी रोड (58) जैसे अधिकांश क्षेत्र ‘अच्छी’ या ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहे। हालांकि कुछ इलाकों जैसे बुराड़ी क्रॉसिंग (105), सीआरआरआई मथुरा रोड (120), और मुंडका (108) में एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा। बारिश के चलते वातावरण में धूल के कणों और प्रदूषकों की सफाई होने से वायु गुणवत्ता में यह सुधार दर्ज किया गया है। साथ ही तापमान में गिरावट और बादलों की मौजूदगी ने भी गर्मी से राहत पहुंचाई है। ऐसे में एनसीआर वासियों को इस सप्ताह न केवल ठंडक भरा मौसम मिलेगा, बल्कि वे साफ और ताजी हवा में भी सांस ले सकेंगे।
