ग्रीस की पर्यटन मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल संग एनजीएमए में घिका प्रदर्शनी का किया विशेष दौरा
नई दिल्ली, 28 जनवरी।
ग्रीस की पर्यटन मंत्री ओल्गा केफालोगियानी ने अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए) में आयोजित घिका एग्जिबिशन का विशेष दौरा किया। इंडिया गेट के समीप स्थित इस प्रतिष्ठित गैलरी में आयोजित प्रदर्शनी को देखने के लिए ग्रीक डेलीगेशन भारत के विशेष सांस्कृतिक दौरे पर आया था।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व स्वयं पर्यटन मंत्री ओल्गा केफालोगियानी कर रही थीं। एनजीएमए में आयोजित यह प्रदर्शनी ग्रीस के प्रसिद्ध आधुनिक कलाकार निकोस हादजिकिरियाकोस-घिका की कलात्मक विरासत को समर्पित है, जिनके भारत के साथ 20वीं सदी के मध्य गहरे सांस्कृतिक और बौद्धिक संबंध रहे हैं। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के कारण यह प्रदर्शनी भारत और ग्रीस के बीच सांस्कृतिक रिश्तों के लिहाज से विशेष महत्व रखती है।
ग्रीक प्रतिनिधिमंडल के लिए प्रदर्शनी का विशेष रूप से क्यूरेट किया गया वॉकथ्रू आयोजित किया गया, जिसकी परिकल्पना एनजीएमए के डायरेक्टर जनरल डॉ. संजीव किशोर गौतम ने की थी। यह वॉकथ्रू एनजीएमए की डायरेक्टर पूजा हल्ली की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस दौरान घिका की कलात्मक यात्रा, वैश्विक आधुनिकतावाद से उनके जुड़ाव और भारतीय संस्कृति के साथ उनके ऐतिहासिक संबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दौरे के दौरान पर्यटन मंत्री ओल्गा केफालोगियानी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि एनजीएमए जैसी प्रतिष्ठित जगह पर घिका एग्जिबिशन को देखना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभिन्न देशों और लोगों को समझने और अनुभव करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भारतवासियों को ग्रीस आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि जिस तरह घिका ने 1950 के दशक में भारत की संस्कृति को समझा, उसी तरह लोग आज ग्रीस की सांस्कृतिक विरासत को महसूस करें।
मंत्री केफालोगियानी ने यह भी उम्मीद जताई कि भारत और ग्रीस के बीच भविष्य में कला, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में और मजबूत सहयोग देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच समानताओं और विविधताओं को समझने में इस तरह के सांस्कृतिक आदान-प्रदान की अहम भूमिका है।
इस अवसर पर एनजीएमए के डायरेक्टर जनरल डॉ. संजीव किशोर गौतम ने कहा कि ग्रीस जैसे प्राचीन सभ्यता वाले देश से आए इतने प्रतिष्ठित प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करना एनजीएमए के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि घिका एग्जिबिशन भारत और ग्रीस की दो प्राचीन सभ्यताओं के बीच गहरे कलात्मक और दार्शनिक संबंधों का प्रमाण है। ऐसे सांस्कृतिक दौरे कला को एक डिप्लोमैटिक ब्रिज के रूप में स्थापित करते हैं और आपसी समझ को मजबूत बनाते हैं।
ग्रीक प्रतिनिधिमंडल में पर्यटन मंत्री ओल्गा केफालोगियानी के अलावा पर्यटन नीति और विकास की सेक्रेटरी जनरल वासिलिकी कौत्सुको, ग्रीक नेशनल टूरिज्म ऑर्गनाइजेशन की अध्यक्ष एंजेलिकी वरेला, भारत में ग्रीस की राजदूत अलिकी कौत्सुमिटोपोलू, इकोनॉमिक एंड कमर्शियल अफेयर्स की प्रमुख क्रिसौला प्रोकोपाकी, वैज्ञानिक सहयोगी संजीत यादव और कल्चरल अफेयर्स से जुड़ी प्रतिष्ठा शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
गाइडेड टूर के दौरान घिका की कृतियों के माध्यम से भारत-ग्रीस के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक संबंधों पर प्रकाश डाला गया। इस संवाद ने दोनों देशों के बीच भविष्य में सांस्कृतिक सहयोग के नए रास्ते खोलने की संभावनाओं को भी मजबूत किया। एनजीएमए एक अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच के रूप में कला और विरासत के जरिए वैश्विक संवाद को लगातार बढ़ावा देता आ रहा है।
— कोबरा पोस्ट न्यूज़ (Kobrapost News)
