Chennai: Tamil Nadu Chief Minister M.K. Stalin delivers an address at the felicitation ceremony for Supreme Court senior advocates and former Additional Solicitor in Chennai on Sunday, April 27, 2025. (IANS)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद अपने प्रशासनिक कार्यों को जारी रखने का संकल्प दिखाया है। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि वे अस्पताल से भी अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। स्टालिन ने मुख्य सचिव को ‘उंगलुदन स्टालिन’ (आपके साथ स्टालिन) शिविरों की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। इन शिविरों में प्राप्त जन शिकायतों और उनके समाधान की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। स्टालिन ने एक्स पोस्ट में लिखा, “लोगों की परेशानियों का समाधान मेरी प्राथमिकता है। मैं चाहता हूं कि इन शिविरों के जरिए हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो और किसी भी याचिका को लंबित न रखा जाए।” ‘उंगलुदन स्टालिन’ तमिलनाडु सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके तहत लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जाता है। इन शिविरों में लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, जिन्हें संबंधित विभागों के माध्यम से हल करने का प्रयास किया जाता है। इस पहल के तहत, 15 जुलाई से नवंबर तक सभी जिलों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 10,000 विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं को सीधे लोगों के पास तक पहुंचाना है। कुल शिविरों में से 3,768 शहरी क्षेत्रों में और 6,232 ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि शहरी क्षेत्रों में लगने वाले शिविरों में 13 विभागों की 43 सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले शिविरों में 15 विभागों की 46 सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, जनता की भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शिविर में चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बता दें, एम.के. स्टालिन को सोमवार को चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अपोलो अस्पताल ने इसकी जानकारी साझा की थी। अपोलो अस्पताल के मेडिकल सर्विसेज निदेशक डॉ. अनिल बी.जी. ने बताया था कि मुख्यमंत्री को सुबह टहलते वक्त हल्का चक्कर महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें ग्रेम्स रोड स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल में उनकी जांच की गई। वर्तमान में वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
