पीएम मोदी के आने के बाद एनसीसी काफी सशक्त हुआ: कर्नल रितेश मोहन
भागलपुर, 19 जनवरी। राष्ट्रीय स्वाभिमान दिवस के अवसर पर 23 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितेश मोहन ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एनसीसी काफी सशक्त हुआ है और उनके विजन को जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए हर मुमकिन प्रयास किया जा रहा है।
भागलपुर में आईएएनएस से बातचीत में कर्नल रितेश मोहन ने कहा कि बिहार और झारखंड में जो भी एनसीसी कैडेट हैं, उनमें अधिकांश जेन-जी हैं। इनमें आत्मविश्वास विकसित करने और राष्ट्रभक्ति की भावना भरने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की सोच के अनुरूप ही एनसीसी कोर ग्रुप कार्य कर रहा है। एनसीसी का मुख्य उद्देश्य एकता और अनुशासन है। साथ ही राष्ट्र निर्माण में एनसीसी कैडेट्स की क्या भूमिका होनी चाहिए, उन्हें इसकी जानकारी भी दी जाती है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत के युवाओं को राष्ट्र की एकता और अखंडता कैसे बनाए रखनी है, यह भी उन्हें समझाया जाता है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी देश का स्वाभिमान है और इसे आगे बढ़ाने में इसका प्रमुख योगदान है। यह बच्चों में अनुशासन की भावना जगाता है। उन्होंने बताया कि एक बटालियन में लगभग 3 हजार कैडेट्स होते हैं, जिनमें 40 प्रतिशत लड़कियां हैं। हम ज्यादा से ज्यादा स्कूलों तक पहुंचने की दिशा में कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साल 2014 के बाद, जब से पीएम मोदी आए हैं, एनसीसी काफी सशक्त हुआ है। हम लगातार युवाओं को मोटिवेट कर रहे हैं। यदि युवाओं को सही दिशा दी जाए तो वे रास्ता नहीं भटकते। उनकी ऊर्जा को सही दिशा में उपयोग किया जाए तो बहुत अच्छे परिणाम सामने आते हैं।
एनसीसी का जिक्र करते हुए कहा कि एनसीसी बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करता है, जिससे उन्हें बहुत मदद मिलती है। बेसिक ट्रेनिंग और फिजिकल ट्रेनिंग के साथ-साथ आगे मिलने वाले अवसरों के बारे में भी जागरूकता फैलाई जाती है। एनसीसी कैंपों में ग्रामीण इलाकों से आने वाले बच्चे अपने सहपाठियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होते हैं और खुद को उनके समकक्ष पाते हैं, जो अच्छे बैकग्राउंड से आते हैं तो उनमें उनका सेल्फ-कॉन्फिडेंस बढ़ता है। हम इसी भावना को जगाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन को ग्रासरूट स्तर तक ले जाकर हम एकता और अनुशासन की भावना जगाने की कोशिश कर रहे हैं। जहां तक स्टार्टअप की बात है, उस पर भी हम विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने एनसीसी के लिए जो बजट आवंटित किया है, वह पूर्ण और पर्याप्त है।
