चौथा टी20: शिवम दुबे की मेहनत पर पानी फिरा, न्यूजीलैंड ने खोला जीत का खाता
विशाखापत्तनम, 28 जनवरी।
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 रन से जीत दर्ज की और सीरीज में अपना खाता खोला। हालांकि, भारतीय टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी है और फिलहाल पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-1 से आगे है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने अपने सलामी बल्लेबाजों के दम पर मजबूत शुरुआत की। डेवोन कॉन्वे और टिम सीफर्ट की जोड़ी ने महज 8.2 ओवरों में 100 रन की शतकीय साझेदारी कर दी। दोनों बल्लेबाजों ने केवल 8.1 ओवरों में टीम को 100 के आंकड़े तक पहुंचा दिया, जो भारतीय सरजमीं पर टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे तेज शतक रहा।
डेवोन कॉन्वे ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 44 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद टिम सीफर्ट ने पारी को संभालने की कोशिश की और 36 गेंदों में 3 छक्कों व 7 चौकों की मदद से 62 रन की अहम पारी खेली।
मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स ने 24 रन जोड़े, जबकि डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाते हुए टीम के स्कोर को 215/7 तक पहुंचाया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके, वहीं जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई को 1-1 सफलता मिली।
215 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव भी सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों से टीम इंडिया दबाव में आ गई।
इसके बाद रिंकू सिंह और संजू सैमसन ने तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 46 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 24 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह 30 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, भारतीय टीम 82 रन के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी।
यहां से शिवम दुबे ने हर्षित राणा के साथ मिलकर संघर्ष किया। दोनों के बीच 27 गेंदों में 63 रन की साझेदारी हुई, जिससे भारत की हार का अंतर कुछ कम हुआ। शिवम दुबे ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बन गए।
दुबे दुर्भाग्यवश 65 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। उन्होंने 23 गेंदों की अपनी पारी में 7 छक्के और 3 चौके जड़े। उनकी इस शानदार पारी के बावजूद भारतीय टीम 18.4 ओवरों में 165 रन पर सिमट गई।
न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल सेंटनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। जैकब डफी और ईश सोढ़ी को 2-2 सफलता मिली, जबकि मैट हेनरी और जैकरी फॉल्क्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत फिलहाल 3-1 से आगे है। सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
— कोबरा पोस्ट न्यूज़ (Kobrapost News)
